रांची
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने वीर शहीद बुधु भगत विश्वविद्यालय, रांची में "यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स रेफरेंडम – 2025" का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं और ज़रूरतों को समझते हुए उनकी आवाज़ को विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 11 महत्वपूर्ण मुद्दों पर "हां" या "नहीं" में अपने मत दिए। रेफरेंडम में जिन विषयों को शामिल किया गया, उनमें शैक्षणिक सत्र की नियमितता, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था, परीक्षा परिणाम में पारदर्शिता, डिजिटल सुविधाएं, लैब उपकरणों की उपलब्धता, पुस्तकालय की स्थिति, हॉस्टल और कैंटीन सेवाएं, NEP 2020 के कारण फीस वृद्धि, छात्रसंघ चुनाव, खेल सुविधाएं और विश्वविद्यालय में GSCASH की बहाली शामिल हैं।

AISA नेताओं ने कहा कि यह रेफरेंडम छात्रों की आवाज़ को संगठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। 28 जुलाई 2025 को मतगणना के बाद परिणाम विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपे जाएंगे। AISA का मानना है कि शिक्षा का लोकतंत्रीकरण और छात्र सहभागिता एक बेहतर विश्वविद्यालय की नींव रखते हैं। इस दौरान AISA की सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। साथ ही संगठन की केंद्रीय पत्रिका "नई पीढ़ी" का भी वितरण किया गया।
छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय में इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है, जिसने वास्तविक छात्र मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया है। कार्यक्रम में AISA के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ सहित कई छात्र नेता मौजूद रहे।
